priyanka singh rawat: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति, निवेश, आभूषण और अन्य परिसंपत्तियों का ब्योरा भी घोषित किया है। प्रत्याशियों के हलफनामों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, किसी उम्मीदवार के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति और भारी मात्रा में सोना-चांदी है तो किसी के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर, रायफल या पिस्टल भी है।
इन उम्मीदवारों में श्रुति गंगवार और उनके पति सुबोध गंगवार की कुल घोषित संपत्ति 14.81 करोड़ रुपये है। सोना-चांदी के मामले में भी श्रुति गंगवार सबसे आगे हैं। वहीं, प्रियंका सिंह रावत के पास लाइसेंसी पिस्टल और करीब 6.66 करोड़ रुपये की कुल चल-अचल संपत्ति घोषित की गई है।
priyanka singh rawat: श्रुति गंगवार के पास 1.125 किलो सोना, 5 किलो चांदी
श्रुति गंगवार और उनके पति सुबोध के पास कुल 14.81 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की गई है। श्रुति के नाम 2.92 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 4.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पति के पास 1.68 करोड़ रुपये की चल और 5.24 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है।
- Advertisement -
आभूषणों की बात करें तो श्रुति गंगवार के पास 1125 ग्राम सोना और पांच किलो चांदी है, जिसकी घोषित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। उनके पति के पास भी 250 ग्राम सोना है।
श्रुति ने के-जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड और ऑट सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में भी निवेश किया है। उनके पास 1.25 लाख रुपये नकद हैं, जबकि पति के पास 1.95 लाख रुपये नकद घोषित किए गए हैं।
प्रियंका सिंह रावत के पास पिस्टल और 6.66 करोड़ की संपत्ति
भाजपा प्रत्याशी प्रियंका सिंह रावत की कुल चल-अचल संपत्ति करीब 6.66 करोड़ रुपये घोषित की गई है। उनके पास लाइसेंसी कोल्ट पिस्टल है, जबकि उनके पति के पास भी एक पिस्टल घोषित की गई है।
प्रियंका के पास करीब 500 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और पांच लाख रुपये मूल्य का हीरा है। उनके पति के पास 25 ग्राम सोना और एक लाख रुपये का हीरा घोषित किया गया है।
उनके नाम फोर्ड फिएस्टा कार है। लखनऊ के गोमतीनगर में दंपती के नाम साझा मकान है, जबकि प्रियंका के नाम बाराबंकी में भी जमीन-मकान की संपत्ति दर्ज है। दंपती पर करीब एक करोड़ और 37 लाख रुपये के अलग-अलग बैंक लोन भी घोषित किए गए हैं।
गोपी कृष्ण पांडेय के पास 5.62 करोड़ की संपत्ति
गोपी कृष्ण पांडेय ने कुल 5.62 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। उनके पास करीब 1.33 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके नाम सोनालिका ट्रैक्टर और पत्नी के नाम महिंद्रा कार है।
पांडेय के पास 250 ग्राम सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास 500 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी घोषित की गई है। उनके पास करीब दो लाख रुपये मूल्य की बेरेटा स्कॉट रिवॉल्वर भी है।
रामप्रकाश पाल की संपत्ति 2.28 करोड़ रुपये
रामप्रकाश पाल और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति 2.28 करोड़ रुपये है। रामप्रकाश के पास 1.17 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और पत्नी के पास 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
आभूषणों में रामप्रकाश के पास 26 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास 98 ग्राम सोना और 490 ग्राम चांदी घोषित की गई है। उनके नाम एक स्कूटी भी है।
राधाकांत ओझा के बैंक खातों में 2.24 करोड़
राधाकांत ओझा के पास 500 ग्राम सोना और 2.5 किलो चांदी घोषित है। उनके और उनकी पत्नी के पास एक-एक लाख रुपये नकद हैं।
ओझा के पांच बैंक खातों में करीब 2.24 करोड़ रुपये जमा बताए गए हैं। इसके अलावा करीब 1.32 करोड़ रुपये का निवेश और तीन एलआईसी पॉलिसियां भी घोषित की गई हैं। उनके और उनकी पत्नी के नाम अलग-अलग संपत्तियां भी हैं।
धर्मपाल सिंह असलहों के शौकीन
भाजपा प्रत्याशी धर्मपाल सिंह और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 4.69 करोड़ रुपये घोषित की गई है। हलफनामे के मुताबिक धर्मपाल सिंह के पास एक रिवॉल्वर और एक रायफल है, जबकि उनकी पत्नी के पास भी एक रिवॉल्वर है।
दोनों की कुल चल संपत्ति 1.12 करोड़ रुपये से अधिक और अचल संपत्ति करीब 3.57 करोड़ रुपये है। इसमें कृषि और गैर-कृषि जमीन शामिल है। धर्मपाल सिंह के पास टाटा सफारी भी है। उन पर करीब 1.01 करोड़ रुपये की देनदारी घोषित की गई है।
विद्यासागर सोनकर की संपत्ति 4.50 करोड़
विद्यासागर सोनकर ने पत्नी समेत कुल 4.50 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। उनके और पत्नी के बैंक खातों में कुल 81 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।
सोनकर के पास 30 लाख रुपये की एलआईसी है, जबकि उनकी पत्नी के नाम 90 लाख रुपये की एलआईसी और पोस्ट ऑफिस में करीब 2.88 लाख रुपये की आरडी है।
असलहों में उनके पास एक रायफल और एक रिवॉल्वर है। उनके नाम टाटा सफारी, दो टाटा ऐस और एक ट्रैक्टर भी घोषित किया गया है।
रामप्रताप सिंह के पास 2.61 करोड़ की संपत्ति
रामप्रताप सिंह और उनकी पत्नी की कुल संपत्ति 2.61 करोड़ रुपये घोषित की गई है। रामप्रताप के पास 83.9 लाख रुपये की चल और 1.16 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पत्नी के पास 52.30 लाख रुपये की चल और आठ लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
दंपती के पास एक स्कॉर्पियो है। रामप्रताप के पास 80 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है, जबकि उनकी पत्नी के पास 300 ग्राम सोना और दो किलो चांदी घोषित की गई है।
किसके पास कितनी संपत्ति?
घोषित आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा के इन राज्यसभा प्रत्याशियों में श्रुति गंगवार सबसे अधिक कुल संपत्ति वाले उम्मीदवारों में आगे हैं। वहीं, सोना-चांदी के मामले में भी श्रुति का आंकड़ा सबसे बड़ा है। दूसरी ओर, कई प्रत्याशियों ने अपने हलफनामे में लाइसेंसी हथियारों का भी उल्लेख किया है।
यह आंकड़े नामांकन के दौरान दाखिल किए गए प्रत्याशियों के हलफनामों में घोषित संपत्ति और देनदारियों पर आधारित हैं।
