Spurious Liquor Case: नकली और मिलावटी शराब से जुड़ी दो घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। नागालैंड में संदिग्ध मिलावटी शराब पीने के बाद पिछले दो दिनों में कम से कम 19 लोगों की मौत की खबर है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT का गठन किया है। साथ ही शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर में क्राइम ब्रांच ने एक ट्रक से 39 हजार बोतल संदिग्ध नकली शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, शराब को प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
नागालैंड में 19 लोगों की मौत से हड़कंप
नागालैंड में संदिग्ध अवैध शराब पीने के बाद 19 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने इन मौतों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया था, उसमें किस तरह की मिलावट थी और शराब की सप्लाई कहां से हुई थी। नागालैंड में 1990 से शराबबंदी का कानून लागू है। इसके बावजूद संदिग्ध अवैध शराब के सेवन से हुई इन मौतों ने पुलिस के सामने शराब की सप्लाई चेन का पता लगाने की चुनौती खड़ी कर दी है।
- Advertisement -
मौतों की जांच के लिए बनाई गई SIT
सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT बनाई गई है। इस टीम की अगुवाई एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस आई बुंगलांग चांग कर रहे हैं।SIT का मुख्य काम मौतों की जांच करना और संदिग्ध मिलावटी शराब के स्रोत तथा उसकी पूरी सप्लाई चेन का पता लगाना है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन अभी उनके बारे में जानकारी सार्वजनिक करना जल्दबाजी होगी।
गुवाहाटी भेजे गए शराब के सैंपल
पुलिस ने संदिग्ध शराब के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे हैं। इन सैंपल की जांच से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लोगों की मौत की असली वजह क्या थी। घटना के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी भी की। इस कार्रवाई में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की गई हैं।
नागपुर में 39 हजार बोतल संदिग्ध नकली शराब पकड़ी गई
इसी बीच महाराष्ट्र के नागपुर में भी पुलिस ने संदिग्ध नकली शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। नागपुर क्राइम ब्रांच ने रविवार को एक ट्रक को रोका, जिसमें करीब 39 हजार शराब की बोतलें छिपाकर ले जाई जा रही थीं।एंटी-व्हीकल थेफ्ट स्क्वाड के एक अधिकारी के मुताबिक, ट्रक में ऊपर से प्लास्टिक स्क्रैप भरा हुआ था। लेकिन उसके नीचे शराब की बोतलों से भरे 390 बॉक्स छिपाए गए थे। इन शराब की बोतलों की कीमत करीब 15.60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई।
