Bolivia Blast: बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा (Viacha) में शुक्रवार को एक सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं। घायलों में बड़ी संख्या आम नागरिकों की है।
बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के मुताबिक, विस्फोट दोपहर करीब 2:30 बजे स्थानीय समय पर उस इलाके में हुआ, जहां आतिशबाजी का सामान रखा गया था। उन्होंने बताया कि घायल 58 लोगों में 52 नागरिक और बाकी सैन्यकर्मी हैं।
Bolivia Blast: धमाके के बाद मची भगदड़, VIDEO में दिखा खौफनाक मंजर
विस्फोट के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते और सुरक्षित जगहों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं।
- Advertisement -
सोशल मीडिया पर सामने आए दूसरे वीडियो में सैन्य परिसर से काले धुएं का घना गुबार उठता नजर आया। यह सैन्य परिसर शहर के बीचों-बीच स्थित बताया जा रहा है।
घरों को भी पहुंचा नुकसान
विस्फोट की तेज आवाज और शॉक वेव का असर आसपास के इलाकों तक पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, धमाके के कारण दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हादसे के बाद एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और पुलिस मौके पर पहुंचीं। घायलों को आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में ले जाया गया। राहत और बचाव दल सैन्य परिसर में नुकसान का जायजा लेने के साथ घायलों के परिवारों की भी मदद कर रहे हैं।
दोबारा धमाके का खतरा, लोगों को दूर रहने की सलाह
वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने बताया कि घटनास्थल पर अभी भी गर्मी का स्रोत मौजूद होने की चेतावनी अग्निशमन कर्मियों ने दी है। इससे दोबारा विस्फोट का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की है।
धमाके की वजह की जांच शुरू
शुरुआती जानकारी में विस्फोट को उस जगह से जोड़ा जा रहा है जहां आतिशबाजी का सामान रखा था। हालांकि, धमाका आखिर किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शुरुआत में रक्षा मंत्रालय ने केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी थी और कहा था कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में घायलों और मौतों की संख्या सामने आई।
वियाचा की आबादी करीब 1 लाख है और यह शहर बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी ला पाज़ से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।
