T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार की ओर से एक चौंकाने वाला फैसला सामने आया है। पाकिस्तान की टीम इस बार वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच 15 फरवरी 2026 को खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को इस मैच से दूर रहने का निर्देश दिया है।
पाकिस्तान सरकार का कहना है कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी। यह फैसला रविवार को आधिकारिक तौर पर घोषित किया गया। सरकार की ओर से साफ किया गया कि पाकिस्तान 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेगा, लेकिन 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करेगा। (T20 World Cup 2026) सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब बांग्लादेश पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर आगे चलकर सेमीफाइनल या फाइनल में भारत से सामना होता है, तो उस स्थिति में टीम खेलेगी या नहीं। फिलहाल सरकार ने सिर्फ लीग स्टेज में होने वाले भारत के खिलाफ मैच को न खेलने का ऐलान किया है। यह मुकाबला श्रीलंका में आयोजित होना था।
7 फरवरी को होगा पाकिस्तान का पहला मुकाबला
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाएगा। (T20 World Cup 2026) पहले दिन कुल तीन मैच आयोजित किए जाएंगे। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड आमने-सामने होंगे, जबकि मुंबई में भारतीय टीम अपना पहला मैच अमेरिका (USA) के खिलाफ खेलेगी। भारतीय समय के अनुसार पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा। (T20 World Cup 2026) वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड का मुकाबला दोपहर 3 बजे खेला जाएगा, जबकि भारत और अमेरिका के बीच मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा।
- Advertisement -
ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान साथ
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। पाकिस्तान और भारत दोनों को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में इनके अलावा अमेरिका और नीदरलैंड्स की टीमें भी शामिल हैं। (T20 World Cup 2026) अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है, तो सुपर-8 में पहुंचने के लिए उसे अमेरिका और नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। ऐसा होने पर पाकिस्तान बिना भारत से खेले भी टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना सकता है। (T20 World Cup 2026) भारत-पाकिस्तान मैच न होने से क्रिकेट फैंस को जरूर निराशा होगी, क्योंकि दोनों टीमों के बीच मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैचों में गिना जाता है। अब सभी की नजरें ICC के अगले कदम और टूर्नामेंट के शेड्यूल पर टिकी हुई हैं।
