South Africa Road Accident: दक्षिण अफ्रीका में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को सदमे में डाल दिया। वेस्टर्न केप प्रांत में कई वाहनों की टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा N1 हाईवे पर प्रिंस अल्बर्ट और लीउ-गाम्का कस्बों के बीच हुआ। यह जगह केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर दूर है।
South Africa Road Accident: दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर
रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉरपोरेशन (RTMC) के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर हुई और इसके बाद एक अन्य वाहन भी इनसे जा टकराया। हादसे में शामिल वाहनों में टोयोटा क्वांटम टैक्सी और सुजुकी ब्रेजा SUV का भी जिक्र किया गया है। हालांकि हादसे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
सड़क को कुछ समय के लिए किया गया बंद
हादसे की गंभीरता को देखते हुए N1 हाईवे के प्रभावित हिस्से को कुछ समय के लिए बंद रखा गया है। वेस्टर्न केप के मोबिलिटी मंत्री आइजैक सिलेकू के घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की उम्मीद है। वह ट्रैफिक अधिकारियों और इमरजेंसी मेडिकल टीम से हादसे को लेकर जानकारी लेंगे।
- Advertisement -
घायलों के इलाज पर भी फोकस
वेस्टर्न केप की स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्री मिरेइल वेन्गर ने कहा कि प्रशासन का ध्यान हादसे में घायल हुए लोगों और उनका इलाज कर रही मेडिकल टीमों पर भी है। उन्होंने कहा कि इतने लोगों की मौत बेहद दुखद है और इस अचानक हुई त्रासदी से प्रभावित परिवारों के दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
N1 हाईवे से बचने की सलाह
प्रशासन ने वाहन चालकों से N1 हाईवे पर लिंग्सबर्ग और ब्यूफोर्ट वेस्ट के बीच के हिस्से से बचने की अपील की है। लोगों को जहां संभव हो, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी सत्यापन के बाद जारी की जाएगी।
