Chhath Puja Travel Rush: छठ महापर्व पर अपने घर और परिवार के साथ त्योहार मनाने की चाह में लाखों लोग देश के अलग-अलग शहरों से बिहार और पूर्वांचल का रुख कर रहे हैं। (Chhath Puja Travel Rush) त्योहार से ठीक पहले घर पहुंचने की कोशिश में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशनों पर भीड़ उमड़ रही है, बिहार जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और बसों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। वहीं, हवाई सफर करने वालों की जेब पर भी भारी बोझ पड़ रहा है। पटना जाने वाली कुछ फ्लाइट्स का किराया 44 हजार रुपये के पार पहुंच गया है।
Also Read –Ramayana Collection Day 8: रामायण ने 1000 करोड़ का आकड़ा किया पार, जाने कितना किया कलेक्शन
दरअसल, छठ पूजा 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रही है। यह महापर्व 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगा। ऐसे में जो लोग अभी तक अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं, वे किसी भी तरह समय पर अपने परिवार के पास पहुंचना चाहते हैं।
Chhath Puja Travel Rush: ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी
छठ के मौके पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ है। कई प्रमुख ट्रेनों में टिकट बुकिंग बंद होने जैसी स्थिति है, जबकि दूसरी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल रही है। सूरत से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा है। उधना स्टेशन से बिहार के जयनगर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक दिन में 37,698 टिकट खरीदे गए। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के अलावा स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है।
- Advertisement -
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से बिहार और आसपास के इलाकों के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा रेलवे ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अतिरिक्त सेवाओं और कोच की व्यवस्था की है।
फ्लाइट का किराया 44 हजार के पार
ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण कई यात्री फ्लाइट से सफर करने का विकल्प तलाश रहे हैं। लेकिन छठ के मौके पर हवाई टिकटों की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है। मुंबई से पटना जाने के लिए सबसे कम किराया 18,401 रुपये से शुरू है। हालांकि, यह दिल्ली में एक स्टॉप वाली फ्लाइट का किराया है। नॉन-स्टॉप फ्लाइट के लिए यात्रियों को कम से कम 22,913 रुपये खर्च करने पड़ने पड़ेंगे। पुणे से पटना के लिए सबसे कम किराया 14,247 रुपये और सबसे ज्यादा 27,490 रुपये है।
अहमदाबाद से पटना के लिए शुरुआती किराया 20,183 रुपये और सबसे ज्यादा 34,120 रुपये शो कर रहा है। लखनऊ से पटना का हवाई सफर सबसे ज्यादा महंगा है। इस रूट पर किराया 44 हजार पार कर गया है।
दिल्ली से बिहार के लिए 77 स्पेशल बसें
ट्रेन और फ्लाइट के अलावा बस से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं। इनका संचालन आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच डिवीजनों के लिए किया जा रहा है।
बसों का रूट के हिसाब से बंटवारा इस प्रकार है:
- मुजफ्फरपुर: 36 बसें
- पटना: 13 बसें
- पूर्णिया: 12 बसें
- गया: 10 बसें
- दरभंगा: 6 बसें
इन बसों में एसी और नॉन-एसी के साथ स्लीपर और सीटर की सुविधा भी है। यात्रियों को बस की श्रेणी और रूट के अनुसार 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की किराये में छूट दी जा रही है।
रेलवे ने भी किए खास इंतजाम
त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा ट्रेनों में लगभग 25 फीसदी अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं। नई दिल्ली जैसे बड़े रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त कर्मचारियों और निगरानी व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। रेलवे की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्लेटफॉर्म पर भीड़ न लगाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
परिवार के साथ छठ मनाने की आखिरी कोशिश
छठ बिहार और पूर्वांचल के सबसे महत्वपूर्ण लोकपर्वों में शामिल है। इस पर्व में परिवार के सभी सदस्यों का एक साथ होना विशेष महत्व रखता है। यही वजह है कि दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और दूसरे बड़े शहरों में रहने वाले लोग लंबी वेटिंग और महंगे किराये के बावजूद घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
किसी के सामने ट्रेन में कंफर्म टिकट की समस्या है तो किसी को हवाई सफर के लिए हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, बसों का विकल्प भी यात्रियों को कुछ राहत दे रहा है।
