Kriti Sanon: एक्ट्रेस कृति सेनन के रक्षाबंधन वाले जिस विज्ञापन पर इतना विवाद हुआ, उसे अब ज्वेलरी ब्रांड ‘गिवा’ (GIVA) ने वापस ले लिया है. ब्रांड ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनका किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा बिल्कुल नहीं था. बता दें कि इस ऐड में कृति सेनन की ड्रेस को लेकर काफी विवाद हुआ था. एक दिन पहले ही एक्ट्रेस ने आलोचनाओं का जवाब दिया था. कृति ने कहा था कि त्योहारों की खूबसूरती कपड़ों में नहीं, बल्कि उन भावनाओं और परंपराओं में होती है, जिन्हें लोग अपने दिल में रखते हैं.
Kriti Sanon: GIVA ने ऐड वापस लिया
बुधवार, 26 अगस्त की सुबह ‘गिवा’ (GIVA) ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया. साथ ही ब्रांड ने विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस लेने का भी ऐलान किया. बयान में लिखा गया,
“हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सर्वोच्च सम्मान और गहरी श्रद्धा रखते हैं. एक ब्रांड के तौर पर हम हमेशा इन खुशियों भरे पलों को पूरे परिवार के साथ मनाने में विश्वास करते हैं. इस बार हम इस प्यार और जश्न में अपने पालतू जानवरों को भी शामिल करना चाहते थे.”
आगे लिखा,
“अगर हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमारा ऐसा कोई इरादा बिल्कुल नहीं था. सम्मान के तौर पर हमने उक्त विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से वापस ले लिया है. आप सभी को इस त्योहार के मौसम में प्यार और सकारात्मकता की शुभकामनाएं.”
- Advertisement -
क्या है पूरा विवाद?
ज्वेलरी ब्रांड ‘गिवा’ (GIVA) ने 17 अगस्त को करीब 35 सेकंड का एक ऐड सोशल मीडिया पर जारी किया. ऐड में कृति सेनन रक्षाबंधन मनाती नजर आती हैं. उन्होंने सफेद लहंगा और डीप नेक, ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज पहना हुआ है. विज्ञापन में कृति अपने भाई को राखी बांधती हैं. इसके साथ ही वो अपने पालतू कुत्ते को भी राखी बांधती हुई दिखाई देती हैं.
ये भी पढ़ें –US Treasury Department: भारत की 4 कंपनियों और 3 लोगों पर यूएस ने लगाए प्रतिबंध, ईरान से रिश्तों ने बुरा फंसाया
ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दो तरह की आपत्तियां देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने कृति के पहनावे पर सवाल उठाया, तो कुछ लोगों को कुत्ते को राखी बांधने वाला हिस्सा पसंद नहीं आया था. विवाद तब और बढ़ गया, जब बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने इस विज्ञापन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की.
कंगना ने साधा निशाना
कंगना ने बिना कृति का नाम लिए सवाल उठाया कि आखिर भाई को राखी बांधते वक्त इस तरह के कपड़े पहनने की जरूरत क्या थी. उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए इतने विकल्प हैं. साड़ी, लहंगा, जींस से लेकर सलवार-कमीज तक. ऐसे में रक्षाबंधन जैसे त्योहार के मौके पर इस तरह का पहनावा क्यों चुना गया? यानी कंगना का सवाल सीधे तौर पर कृति के कपड़ों और त्योहार के मौके पर उनके पहनावे को लेकर था.
कृति सेनन ने दिया जवाब
इसके बाद कृति सेनन ने भी इसका जवाब दिया. कृति ने कहा कि त्योहारों की खूबसूरती कपड़ों में नहीं, बल्कि उन भावनाओं और परंपराओं में होती है, जिन्हें लोग अपने दिल में रखते हैं. उन्होंने ये भी सवाल उठाया कि संस्कृति और परंपराओं को किसी महिला की नेकलाइन से क्यों आंका जाना चाहिए? महिलाओं को उनके पहनावे के लिए जज करना आखिर कब बंद किया जाएगा?
राहुल गांधी ने किया समर्थन
कृति की इस पोस्ट को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शेयर किया. राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कृति की पोस्ट शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा-
“महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, ये उसकी अपनी पसंद है. अपनी आजादी का इस्तेमाल करने के लिए महिलाओं को ट्रोल करना बंद करें.”
राहुल गांधी का ये बयान ऐसे वक्त आया, जब वो लगातार महिलाओं की आजादी, उनकी हिस्सेदारी और पितृसत्ता के मुद्दे को उठा रहे हैं. पुणे में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी राहुल गांधी ने ‘स्मैश पेट्रियार्की’ यानी पितृसत्ता को चुनौती देने की बात कही थी.
