PM Modi Philippines Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर हैं। वह मनीला में आयोजित 23वें ASEAN-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इस समिट के दौरान भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी। फिलीपींस इस साल ASEAN का अध्यक्ष है और इसी के तहत इन शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
PM Modi Philippines Visit: ASEAN समिट में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और ASEAN देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। शिखर सम्मेलन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस यात्रा के दौरान भारत और ASEAN देशों के बीच आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने और व्यापारिक संभावनाएं बढ़ाने को लेकर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग को बढ़ावा देने, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा और सैन्य तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाना, तकनीक, डिजिटल बदलाव और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हो सकती है।
भारत और ASEAN देशों के बीच सालाना व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है। ऐसे में आर्थिक संबंधों को नई दिशा देना इस यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
- Advertisement -
क्वाड बैठक में भी शामिल होंगे पीएम मोदी?
फिलिपींस में प्रधानमंत्री मोदी के क्वाड (QUAD) देशों के नेताओं के साथ बैठक में भी शामिल होने की संभावना है। इस समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मनीला में प्रस्तावित क्वाड बैठक में हिस्सा ले सकते हैं। इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, तकनीक और मजबूत सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
Also Read –Weather Update: 15 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां गिरेगी बर्फ? जानिए यूपी-बिहार समेत देशभर का मौसम
भारत और ASEAN के रिश्तों के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
भारत की विदेश नीति में ASEAN देशों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के तहत दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापार, कनेक्टिविटी, रक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया जाता है। साल 2027 में भारत और ASEAN के बीच संवाद संबंधों के 35 साल पूरे होंगे। इसी साल भारत-ASEAN व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे होंगे।
इसके अलावा, 2026 को भारत और ASEAN ने समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा आने वाले सालों में दोनों पक्षों के संबंधों की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
