Iran Shia Mosque Attack: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी संघर्ष अब धार्मिक और रिहायशी क्षेत्रों तक पहुँच गया है। उत्तर-पश्चिमी ईरान के ज़ंजन शहर में एक हवाई हमले में मशहूर शिया मस्जिद को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी टेलीविज़न ने बताया कि ‘ग्रैंड हुसैनीया’ इमारत, जो शिया समुदाय के लिए शोक सभाओं और सामूहिक कार्यक्रमों का केंद्र है, पर सुबह के हमले में गंभीर क्षति हुई। यह मस्जिद ज़ंजन की फ़िरदौसी स्ट्रीट पर स्थित है।
Also Read -US News: गूगल-ऐपल समेत 18 अमेरिकी कंपनियों पर गिरेंगी मिसाइलें, ईरान ने कर दी घोषणा
रिपोर्ट में बताया गया कि मस्जिद के गुंबद और मीनारों के कुछ हिस्से भी प्रभावित हुए हैं। ज़ंजन, जो तेहरान से लगभग 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है, ईरान का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रांतीय शहर है। हमले के कारण स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल पैदा हो गया है। अधिकारियों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस हमले ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता पैदा कर दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक स्थलों पर हमले से स्थिति और जटिल हो सकती है और इसे मानवाधिकारों और अंतरराष्ट्रीय कानून के लिहाज से गंभीर संकट माना जा रहा है।
