Vaishali Boat Accident: बिहार (Bihar) के वैशाली (Vaishali) जिले में गंगा नदी (Ganga River) में हुए दर्दनाक नाव हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास मंगलवार शाम एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की खबर है।
मृतकों में सभी बच्चे बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 15 साल से कम थी। हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल यानी एसडीआरएफ (SDRF) की टीम का बचाव अभियान जारी है।
Vaishali Boat Accident: श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद गांव के एक टोले के करीब 20 से 22 बच्चे गंगा पार कर श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे। यह कार्यक्रम गांव के ही सिंगेश्वर राय के यहां आयोजित किया गया था। उनकी बच्ची की
मौत के बाद श्राद्ध का भोज रखा गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बच्चे नाव पर सवार होकर नदी पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाव में करीब 20 से 30 लोग सवार थे। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद नाव डगमगाने लगी और देखते ही देखते गंगा नदी में पलट गई।
- Advertisement -
बचाव कार्य में जुटी SDRF
बिहार के वैशाली (Vaishali) जिले के राघोपुर में गंगा नदी (Ganga River) में हुए नाव हादसे के बाद बचाव अभियान जारी है। एसडीआरएफ (SDRF) की टीम नदी में तलाश और बचाव कार्य में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, नाव में करीब 20 से 30 लोग सवार थे। नदी में आगे बढ़ते समय नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
कैसे हुआ यह हादसा?
इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल नाव की हालत और उस पर सवार लोगों की संख्या को लेकर उठ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में डूबी नाव सरकारी थी, जिसे बाढ़ के दौरान गांव में उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि नाव काफी समय से खराब थी, लेकिन ग्रामीण उसकी मरम्मत करके इस्तेमाल कर रहे थे।
कुछ लोगों का कहना है कि नाव जर्जर थी और उसमें दरार आने के कारण पानी भरने लगा, जिससे वह डूब गई। वहीं, कुछ ग्रामीणों को आशंका है कि नाव पर उसकी क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। हालांकि, हादसे की असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। यह भी सवाल उठ रहा है कि अगर नाव की समय रहते जांच और मरम्मत होती, तो क्या इस दर्दनाक हादसे को रोका जा सकता था।
13 बच्चों की मौत, 3 को बचाया गया
नाव डूबने की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। अपने बच्चों को बचाने के लिए ग्रामीण गंगा की ओर दौड़ पड़े। हादसे में जिन 13 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, उनके नाम मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी बताए गए हैं।
वहीं, अनुष्का कुमारी, कार्तिक और पुटुस कुमार को जीवित बचाए जाने की जानकारी दी गई है। घायलों में करीब आधा दर्जन लोगों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। हादसे के बाद एंबुलेंस की कमी के कारण घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हुई। कई ग्रामीण घायलों को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाते दिखाई दिए।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, डीएम के खिलाफ ग्रामीणों ने की नारेबाजी
हादसे की सूचना मिलते ही वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने अधिकारियों को अलर्ट किया। सदर एसडीओ विशाल कुमार, एसडीपीओ सुबोध कुमार और वरीय पुलिस पदाधिकारी शुभांक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीम ने बचाव अभियान संभाला और नदी में तलाश का काम जारी रखा।
राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शव रखे गए, जहां परिजनों की चीख-पुकार के बीच भारी भीड़ जुट गई। पुलिस पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में लगी रही। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी वर्षा सिंह के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की मदद
बिहार सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हालांकि, जिन परिवारों ने इस हादसे में अपने बच्चों को खोया है, उनके लिए यह नुकसान कभी पूरा नहीं हो सकता। गांव में मातम पसरा है और परिजन अपनों को खोने के गम में डूबे हैं।
अब सबसे अहम सवाल यही है कि आखिर गंगा में नाव हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। क्या नाव की जर्जर हालत इसकी वजह बनी या क्षमता से ज्यादा लोगों के सवार होने के कारण नाव पलटी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल, एसडीआरएफ का बचाव अभियान जारी है और पूरे गांव की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हादसे की असली वजह का पता कब चलता है।
