US Travel Advisory Pakistan: अमेरिकी विदेश विभाग ने पाकिस्तान के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी को अपडेट करते हुए अमेरिकी नागरिकों से वहां यात्रा की योजना बनाने से पहले गंभीरता से विचार करने को कहा है। (US Travel Advisory Pakistan) 26 जनवरी को जारी इस अपडेट में पाकिस्तान में बढ़ते अपराध, नागरिक अशांति, आतंकवाद और अपहरण के खतरे को प्रमुख कारण बताया गया है। यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है, जब पाकिस्तान के नेतृत्व की ओर से अमेरिका के साथ रिश्तों को बेहतर दिखाने की कोशिशें की जा रही हैं।
US Travel Advisory Pakistan: खतरे के स्तर के हिसाब से रेटिंग
अमेरिकी विदेश विभाग देशों को सुरक्षा जोखिम के आधार पर चार अलग-अलग स्तरों में वर्गीकृत करता है। इस नई एडवाइजरी में पाकिस्तान को लेवल 3 की श्रेणी में रखा गया है, जिसका अर्थ है कि वहां यात्रा करने से पहले दो बार सोचने की जरूरत है। (US Travel Advisory Pakistan) लेवल 3 उन देशों को दिया जाता है, जहां बिना किसी पूर्व चेतावनी के आतंकवादी हमले हो सकते हैं।
आतंकी हमलों की गंभीर आशंका
एडवाइजरी में कहा गया है कि पाकिस्तान में आतंकवादी हमले कभी भी हो सकते हैं और इनके निशाने पर आम नागरिकों से जुड़ी जगहें रहती हैं। (US Travel Advisory Pakistan) इसमें परिवहन केंद्र, होटल, बाजार, शॉपिंग मॉल, सैन्य और सुरक्षा प्रतिष्ठान, हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, स्कूल, अस्पताल, धार्मिक स्थल और सरकारी इमारतें शामिल हैं। अमेरिकी नागरिकों को इन स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
- Advertisement -
खैबर पख्तूनख्वा सबसे अधिक जोखिम वाला क्षेत्र
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ हिस्सों को अमेरिकी विदेश विभाग ने लेवल 4 यानी सबसे खतरनाक श्रेणी में रखा है। यहां अमेरिकी नागरिकों को किसी भी कारण से यात्रा न करने की चेतावनी दी गई है। एडवाइजरी के अनुसार, इस क्षेत्र में सरकारी अधिकारियों और आम नागरिकों के खिलाफ हत्या और अपहरण की घटनाएं आम हैं। यह चेतावनी पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिकों पर भी लागू होती है।
Also Read –Ajit Pawar Funeral: अजित पवार पंचतत्व में विलीन, बारामती ने नम आंखों से दी ‘दादा’ को विदाई
भारत-पाक सीमा और अन्य चेतावनियां
नई एडवाइजरी में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास यात्रा को लेकर पहले जारी लेवल 4 चेतावनी को घटाकर लेवल 3 कर दिया गया है। इसके साथ ही अमेरिकी विदेश विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान में बिना परमिट प्रदर्शन पर सख्त पाबंदी है। ऐसे प्रदर्शनों में शामिल होने पर अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया जा सकता है। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सरकार, सेना या अधिकारियों की आलोचना करने वाले पोस्ट करने पर भी गिरफ्तारी का खतरा बताया गया है।
